छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष बने मिर्जा एजाज बेग: शासन ने जारी की अधिसूचना, मुस्लिम समाज में खुशी की लहर

रायपुर, 20 फरवरी। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के सदस्य मिर्जा एजाज बेग को कमेटी का नया अध्यक्ष चुना गया है। इस संबंध में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से अधिसूचना जारी कर औपचारिक घोषणा की गई।
हज कमेटी अधिनियम 2002 की धारा 21 की उपधारा (1) के तहत नामांकित सदस्यों की बैठक में सर्वसम्मति से मिर्जा एजाज बेग को अध्यक्ष पद के लिए चुना गया। इसके बाद राज्य शासन ने अधिसूचना जारी कर उन्हें आधिकारिक रूप से अध्यक्ष घोषित कर दिया।
अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद मुस्लिम समाज में उत्साह और हर्ष का माहौल देखा गया। जुमे की नमाज के पश्चात संजय नगर स्थित हजरत गरीब नवाज़ मस्जिद में मस्जिद कमेटी और समाज के लोगों ने मिर्जा एजाज बेग का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मिर्जा एजाज बेग ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल तथा पार्टी के वरिष्ठजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हज यात्रियों की सुविधा और बेहतर प्रबंधन के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।



