छत्तीसगढ़
Trending

कुनकुरी को 107 करोड़ की मेगा सौगात: स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से हाईटेक बस स्टैंड तक, दो साल में बदली नगर की तस्वीर

रायपुर | 22 दिसंबर 2025
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन के दो वर्षों में विकास ने नई गति पकड़ी है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के कुनकुरी नगर पंचायत क्षेत्र को 107 करोड़ 32 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की स्वीकृति मिली है। इन योजनाओं से नगर की आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन, यातायात और नागरिक सुविधाओं में व्यापक और दीर्घकालिक सुधार होगा।

युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 63.84 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण को मंजूरी दी गई है। यह परियोजना क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मददगार साबित होगी।

नगर पंचायत क्षेत्र में 53 विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे वार्डों और मोहल्लों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी पहल करते हुए 2.62 करोड़ रुपये की लागत से नेचुरोपैथी भवन का निर्माण होगा। इससे प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद और योग को बढ़ावा मिलेगा तथा वैकल्पिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी।

पर्यटन और धार्मिक आस्था को सशक्त करने के लिए छठ घाट के समग्र विकास हेतु 5.17 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। घाट के सौंदर्यीकरण से स्थानीय पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा।

सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए 6.67 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बहुउद्देशीय ऑडिटोरियम बनेगा। वहीं शिक्षा को मजबूती देने के लिए नालंदा परिसर के 250 सीटर विस्तार हेतु 4.37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए 7.26 करोड़ रुपये की लागत से हाई-टेक बस स्टैंड का निर्माण होगा। बच्चों के मनोरंजन के लिए 1.02 करोड़ रुपये से रिक्रिएशन चिल्ड्रन पार्क बनाया जाएगा। इसके साथ ही 6 करोड़ रुपये की लागत से वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक एलईडी स्ट्रीट लाइट और अन्य विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे नगर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

इन योजनाओं के जरिए कुनकुरी नगर तेजी से स्मार्ट सुविधाओं, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, सशक्त शिक्षा, आधुनिक यातायात और समृद्ध सांस्कृतिक गतिविधियों से युक्त एक आदर्श नगर के रूप में उभर रहा है। नगरवासियों ने इन ऐतिहासिक विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button