एमसीबी जिले ने डिजिटल स्वास्थ्य में दिखाया दम : आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता सीडिंग में प्रदेश में दूसरा स्थान, स्वास्थ्य मंत्री ने दी बधाई

रायपुर, 20 मार्च 2026/ मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले ने एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी प्रभावी कार्यप्रणाली का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में सुर्खियां बटोरी हैं। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत संचालित आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (ABHA) अभियान में जिले ने पूरे छत्तीसगढ़ में दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
एनसीडी मरीजों की डिजिटल पहचान से मजबूत हुई स्वास्थ्य व्यवस्था
जिले के NCD पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक कुल 81,762 ABHA कार्ड बनाए गए हैं। इनमें 68,249 गैर-संचारी रोगों (मधुमेह, उच्च रक्तचाप आदि) के मरीज शामिल हैं। जिले में कुल सीडिंग दर 47.8 प्रतिशत तक पहुंच गई है। यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि जिला प्रशासन डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी रूप से लागू कर रहा है।
एबीएचए कार्ड: मरीजों के लिए आधुनिक डिजिटल स्वास्थ्य पहचान
ABHA कार्ड के माध्यम से नागरिकों का पूरा स्वास्थ्य रिकॉर्ड—जांच रिपोर्ट, दवाइयां, डॉक्टर की सलाह और उपचार—एक सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहता है। इससे मरीज बार-बार दस्तावेज ले जाने से मुक्त होते हैं और डॉक्टर को मरीज का सटीक मेडिकल इतिहास तुरंत मिल जाता है, जिससे उपचार की गुणवत्ता में सुधार होता है।
स्वास्थ्य टीम की मेहनत और मजबूत नेतृत्व का परिणाम
जिले में सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे के नेतृत्व में अभियान को विशेष गति दी गई। एनसीडी क्लीनिक में आने वाले प्रत्येक मरीज का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती के मार्गदर्शन में एएनएम, ASHA, मितानिन और अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर नागरिकों का पंजीयन कर रहे हैं, जिससे अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।
जागरूकता अभियान और हेल्प डेस्क से बढ़ी भागीदारी
जिले के सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष पंजीयन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में ABHA हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। इसके अलावा ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस और हाट-बाजारों में भी जागरूकता गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठा सकें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर आधार कार्ड के साथ ABHA पंजीयन अवश्य कराएं। विशेष रूप से 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक, जो मधुमेह, उच्च रक्तचाप या अन्य दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित हैं, इस सुविधा का लाभ लेकर अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित करें।



