उरकुरा रेलवे स्टेशन के पास ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग, कई किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत उरकुरा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक ऑयल फैक्ट्री में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि फैक्ट्री से उठता धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक नजर आया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही फैक्ट्री परिसर के आसपास हड़कंप की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है। आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
प्रशासन ने आसपास के लोगों से सतर्क रहने और मौके से दूर रहने की अपील की है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।



