छत्तीसगढ़
Trending

भाटापारा सब्जी मंडी में भीषण आग : प्लास्टिक के बास्केट से तेजी से फैली लपटें, पूरा इलाका धुएं से अंधकार में, व्यापारियों को लाखों का नुकसान, दमकल टीम जुटी आग पर काबू में

भाटापारा में सोमवार सुबह सब्जी मंडी से उठते काले धुएं ने अचानक पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कुछ ही क्षणों में मंडी अफरा-तफरी का मैदान बन गई। प्लास्टिक की टोकरी और अन्य ज्वलनशील सामग्री आग के लिए मानो ईंधन बन गई और उसने विकराल रूप धारण कर लिया।

धुआं आसमान में ऐसे फैल गया जैसे किसी ने शहर को काले पर्दे में लपेट दिया हो। लोग इधर-उधर भागते नजर आए और व्यापारियों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गईं।

सूचना मिलते ही नगरपालिका भाटापारा और जिला मुख्यालय से दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं। पानी की बौछारें, सायरनों की आवाजें और दमकल कर्मियों की जद्दोजहद… सब मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गए।

अभी आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती अनुमान शॉर्ट सर्किट की ओर इशारा कर रहे हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन, नगरपालिका अध्यक्ष अश्विनी शर्मा और पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।

व्यापारियों को इस हादसे में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल दमकल टीम आग को पूरी तरह बुझाने के लिए लगातार प्रयासरत है और सभी की निगाहें राहत भरी खबर पर टिकी हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button