कांकेर में माओवादी आत्मसमर्पण: 21 कैडर हथियारों के साथ लौटे मुख्यधारा में, शांति की राह पर बड़ा कदम

कांकेर, 26 अक्टूबर 2025: कांकेर ज़िले में “पूना मारगेम: पुनर्वास से पुनर्जीवन” पहल के तहत आज 21 माओवादी कैडरों ने 18 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।
आत्मसमर्पण करने वाले सभी कैडर केशकाल डिवीजन (नॉर्थ सब ज़ोनल ब्यूरो) के कुएमारी/किसकोडो एरिया कमेटी से संबंधित हैं। इनमें डिवीजन कमेटी सेक्रेटरी मुकेश सहित 4 डीवीसीएम (डिवीजन वाइस कमेटी मेंबर), 9 एसीएम (एरिया कमेटी मेंबर) और 8 पार्टी सदस्य शामिल हैं।
21 आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों में 13 महिलाएं और 8 पुरुष हैं। इन कैडरों ने हिंसा और जनविरोधी विचारधारा छोड़कर शांति और विकास की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने जमा किए गए हथियारों में 3 एके-47, 4 एसएलआर, 2 इंसास, 6 .303, 2 सिंगल शॉट और 1 बीजीएल शामिल हैं।
बस्तर में शांति स्थापना के प्रयासों के बारे में बात करते हुए आईजी बस्तर सुंदरराज पी. ने कहा कि “पूना मारगेम: पुनर्वास से पुनर्जीवन” पहल बस्तर में स्थायी शांति की दिशा में सशक्त प्रयास है। माओवादी हिंसा से अलग होकर मुख्यधारा में लौट रहे साथियों के इस कदम से क्षेत्र में स्थायी शांति की नींव और मजबूत होगी।
अधिकारी जानकारी के अनुसार, भविष्य में और भी आत्मसमर्पण की घटनाओं पर अपडेट्स साझा किए जाएंगे।



