अंबिकापुर में धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक ने की आत्महत्या: सीतापुर के केरजू केंद्र में फांसी लगाकर दी जान, इलाके में हड़कंप

अंबिकापुर। जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। सीतापुर थाना क्षेत्र के केरजू धान खरीदी केंद्र में पदस्थ प्रबंधक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही घटना की सूचना पुलिस को मिली, सीतापुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि प्रबंधक द्वारा यह कदम क्यों उठाया गया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं किसी तरह का दबाव या मानसिक तनाव तो इसकी वजह नहीं था।
धान खरीदी जैसे संवेदनशील विभाग से जुड़े अधिकारी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।



