अंतराष्ट्रीय
ईरान हमलों के बीच UAE की बड़ी कार्रवाई: 19 भारतीय सोशल मीडिया वीडियो के आरोप में गिरफ्तार

दुबई, 16 मार्च 2026: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 35 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 19 भारतीय भी शामिल हैं। UAE के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्स ने बताया कि ये गिरफ्तारी सोशल मीडिया पर झूठी खबरें और भड़काऊ वीडियो क्लिप साझा करने के आरोप में की गई।
अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों को उनके अपराध के हिसाब से तीन समूहों में बांटा गया है:
- पहला समूह – असली वीडियो में छेड़छाड़: 10 लोग, जिनमें 5 भारतीय शामिल। आरोप है कि इन्होंने मिसाइल हमलों के असली वीडियो में अपनी कमेंट्री जोड़कर लोगों को डराने की कोशिश की।
- दूसरा समूह – AI से बनाई गई झूठी क्लिप: 7 लोग, जिनमें 5 भारतीय। आरोप है कि इन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके यूएई में धमाके और मिसाइल हमलों की झूठी फुटेज बनाई और उन्हें असली दिखाने का प्रयास किया।
- तीसरा समूह – दुश्मन देश की तारीफ: 6 लोग, जिनमें 5 भारतीय। आरोप है कि इन्होंने एक दुश्मन देश के नेताओं और उसकी सेना की प्रशंसा कर UAE के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ प्रचार किया।
डॉ. हमद सैफ अल शम्स ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म की निगरानी के बाद यह कार्रवाई की गई ताकि झूठी खबरों से फैलने वाली अफवाह और अशांति को रोका जा सके। UAE सरकार ने पहले ही ईरान ड्रोन और मिसाइलों से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर डालने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है।



