कोरबा: SECL की मानिकपुर खदान में बड़ा हादसा, 170 फीट गहरी खाई में गिरने से व्यक्ति की मौत

कोरबा जिले में SECL की मानिकपुर कोयला खदान में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे एक व्यक्ति की 170 फीट गहरी खाई में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के कोयला चोरी के इरादे से खदान में घुसने की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम कुदारी निवासी भगत कुमार मरावी (42 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक, वह बुधवार दोपहर खदान के भीतर कोयला चोरी करने के उद्देश्य से गहराई में उतरने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे गड्ढे में जा गिरा। अत्यधिक ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि खदान में गिरने से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर SECL की खदानों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर प्रतिबंधित क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही को लेकर।



