भिलाई: मधुर आयरन कंपनी में बड़ा हादसा, आयरन रॉड गिरने से सुपरवाइजर की मौत – परिजनों ने मांगा मुआवज़ा

भिलाई के औद्योगिक क्षेत्र स्थित मधुर आयरन कंपनी में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत शिव कुमार चौहान की तीन क्विंटल वजनी आयरन रॉड गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक शिव कुमार रोज की तरह अपने काम में लगे थे। बड़े आयरन रॉड को चैन की मदद से एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक भारी रॉड उन पर गिर पड़ा। रॉड का वजन लगभग तीन क्विंटल बताया जा रहा है, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
निजी अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद शिव कुमार को लहूलुहान अवस्था में तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सुरक्षा पर सवाल
परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवज़े की मांग की है।
यह हादसा एक बार फिर प्राइवेट औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। मजदूरों और सुपरवाइजरों के लिए सुरक्षा उपकरण, मॉनिटरिंग और मानक प्रक्रिया के पालन को लेकर गंभीर चिंताएँ सामने आ रही हैं।
अभी तक कंपनी प्रबंधन की ओर से इस दुर्घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस और श्रम विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।



