छत्तीसगढ़

बिलासपुर–रायपुर हाईवे पर बड़ा हादसा टला, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की कार में घुसी लोहे की रॉड

बिलासपुर, 29 दिसंबर 2025/ केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू रविवार को एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। मंत्री बिलासपुर से रायपुर एयरपोर्ट जा रहे थे, तभी दामाखेड़ा क्षेत्र के चंदेली के पास उनकी कार से एक लोहे की रॉड टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक सड़क की ओर से उछली लोहे की रॉड सीधे मंत्री की गाड़ी के सनरूफ और साइड मिरर से जा टकराई, जिससे कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी में उस समय तोखन साहू के साथ उनके निजी स्टाफ और सुरक्षा कर्मी मौजूद थे।

अधिकारियों ने बताया कि यदि वाहन में सुरक्षा ढांचा मौजूद नहीं होता तो यह रॉड सीधे अंदर घुसकर किसी को गंभीर रूप से घायल कर सकती थी। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घटना के तुरंत बाद एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने मौके से लोहे की रॉड को जब्त कर लिया। प्रशासन ने कहा है कि प्रथम दृष्टया यह घटना दुर्घटनावश प्रतीत होती है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि,
“ईश्वर की कृपा से हम सभी सुरक्षित हैं। अचानक हुई इस घटना से कुछ पल के लिए अफरा-तफरी जरूर मच गई थी, लेकिन किसी को कोई चोट नहीं आई।”

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार में फंसी लोहे की रॉड और टूटा हुआ शीशा साफ नजर आ रहा है।

यह हादसा एक बार फिर वीआईपी मूवमेंट के दौरान सड़क सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button