महासमुंद जिले को जल संचय और जन भागीदारी अभियान में मिला पहला स्थान : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार देकर किया सम्मानित, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

रायपुर, 18 नवंबर 2025: जल संचय और जन भागीदारी अभियान (JSJB 1.0) के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महासमुंद जिले को पूर्वी जोन, कैटेगरी 2 में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जिले को इस उपलब्धि के लिए 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। पुरस्कार ग्रहण करने के लिए महासमुंद के कलेक्टर विनय कुमार लंगेह विज्ञान भवन, नई दिल्ली में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महासमुंद जिले के इस उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सीआर पाटिल, केंद्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री वी सोमन्ना और अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। जिले की ओर से कलेक्टर लंगेह के साथ जल संसाधन विभाग के मुख्य कार्यपालन अभियंता अजय खरे भी मौजूद थे।
महासमुंद जिले में अब तक 35,182 जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है, जिससे जिले में जल संचय और जन भागीदारी अभियान को नई ऊँचाई मिली। कलेक्टर लंगेह ने इस उपलब्धि का श्रेय संपूर्ण महासमुंद वासियों, जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया।
कलेक्टर ने कहा, “जिला प्रशासन और जिलेवासियों के सक्रिय प्रयासों और सहयोग से ही महासमुंद को जल संचय एवं जन भागीदारी अभियान में बेस्ट परफॉर्मिंग जिले के रूप में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है।”


