छत्तीसगढ़रायपुर

हर दिन की तरह निकली थीं सैर पर, नहीं पता था आखिरी सफर होगा: तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 09 अप्रैल 2026।
जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं को तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप कैंपर ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 6:15 बजे आईटीआई सेमरा के पास मुख्य सड़क पर हुई। मृतक महिलाएं बेला बाई पनसारी और सुशीला वर्मा रोज की तरह सुबह सैर के लिए निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे पिकअप कैंपर (MP 21 G 0992) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं 15 से 20 फीट दूर जा गिरीं। हादसे के बाद वाहन पास खड़ी एक बस से जा टकराया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। वहीं वाहन में मौजूद हेल्पर संदीप यादव घायल हुआ है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कैंपर वाहन कोरबा से कटनी की ओर जा रहा था।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button