रायपुर में ‘लखपति दीदी संवाद’ आज: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज करेंगे हजारों महिलाओं से संवाद, कॉफी टेबल बुक और ग्राम पोर्टल का करेंगे शुभारंभ

रायपुर, 7 मार्च 2026। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ द्वारा 7 मार्च को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश भर से हजारों लखपति दीदियां कार्यक्रम में भाग लेंगी।
मुख्यमंत्री साय इस दौरान महिलाओं से संवाद कर उनकी सफलता की कहानियां सुनेंगे और शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी लेंगे। यह कार्यक्रम महिलाओं की आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथों लखपति दीदी आधारित कॉफी टेबल बुक और छत्तीसकला आधारित ब्रांड बुक का विमोचन किया जाएगा। इसके साथ ही ‘लखपति दीदी ग्राम पोर्टल’ का शुभारंभ भी किया जाएगा। इन प्रकाशनों के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की उपलब्धियों और आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानियों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश भर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं, कैडर्स और लखपति दीदियों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह आयोजन महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार के प्रयासों को मजबूती देने के साथ अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देगा।



