Kidnapping & Brutal Beating : बैंक से लौटते युवक का दिनदहाड़े अपहरण, पीट-पीटकर हत्या

मुंगेली, 27 दिसंबर 2025/ छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े युवक का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर समय पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
मृतक की पहचान राजकुमार धुरी (21 वर्ष) निवासी ग्राम बरेला, तखतपुर क्षेत्र के रूप में हुई है। राजकुमार ट्रैक्टर चालक था और 26 दिसंबर को दोपहर करीब 3 बजे बैंक में पैसे जमा करने गया था।
बैंक से बाहर निकलते ही कार सवार 5–6 युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया। परिजनों को इसकी जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ शिकायत लेकर उन्हें वापस भेज दिया और तत्काल तलाश शुरू नहीं की।
शाम करीब 6 बजे बदमाश राजकुमार को गंभीर हालत में उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। उसके शरीर पर लाठी-डंडों से मारपीट के कई निशान थे और पूरा शरीर नीला पड़ चुका था। परिजन उसे तुरंत तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के छोटे भाई ने बताया कि उसने हमलावरों को देखा है और वह उन्हें पहचान सकता है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
परिजनों ने पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।



