खेलछत्तीसगढ़

Khelo India Winter Games 2026 : छत्तीसगढ़ के IRS शैलेंद्र देशमुख अल्पाइन स्कीइंग में दिखाएंगे दम, 23 और 25 फरवरी को उतरेंगे बर्फीली ट्रैक पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि वर्ष 2008 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी शैलेंद्र कुमार देशमुख खेलो इंडिया शीतकालीन खेल–2026 में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 22 से 26 फरवरी 2026 तक गुलमर्ग में आयोजित हो रही है, जो देश के प्रमुख शीतकालीन खेल स्थलों में शामिल है।

देशमुख 23 और 25 फरवरी को अल्पाइन स्कीइंग स्पर्धा में अपनी चुनौती पेश करेंगे। यह लगातार दूसरी बार है जब वे इस राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की ओर से उतर रहे हैं। पारंपरिक रूप से शीतकालीन खेलों के लिए प्रसिद्ध नहीं रहे राज्य से राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

प्रशासनिक दायित्व के साथ खेल में संतुलन

वर्तमान में देशमुख रायपुर स्थित राष्ट्रीय सीमा शुल्क, अप्रत्यक्ष कर और नारकोटिक्स अकादमी (NACIN) में निदेशक पद पर कार्यरत हैं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ उच्च स्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेना उनके अनुशासन, समय-प्रबंधन और समर्पण को दर्शाता है।

अल्पाइन स्कीइंग जैसे खेल में उच्च गति, संतुलन, तकनीकी दक्षता और मानसिक एकाग्रता की आवश्यकता होती है। सीमित प्रशिक्षण संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करना उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

साहसिक खेलों में विशेष रुचि

शैलेंद्र देशमुख एक प्रमाणित पर्वतारोही, प्रशिक्षित स्कूबा डाइवर और लंबी दूरी के मोटरसाइकिल यात्री भी हैं। साहसिक खेलों के प्रति उनका रुझान प्रशासनिक नेतृत्व में भी साहस, निर्णय क्षमता और जोखिम प्रबंधन की दक्षता को मजबूत करता है।

युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

बालोद जिले से आने वाले देशमुख की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय प्रशासनिक सेवा और अब राष्ट्रीय खेल मंच तक पहुँचना उनके बहुआयामी व्यक्तित्व को दर्शाता है।

राज्य सरकार और खेल प्रेमियों ने उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनकी भागीदारी छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय शीतकालीन खेल मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button