
रायपुर, 28 मार्च 2026।खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की होनहार खिलाड़ी निकिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य को पहला स्वर्ण पदक दिलाया है। राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने महिला 77 किलोग्राम भारोत्तोलन वर्ग में कुल 160 किलोग्राम वजन उठाकर इतिहास रच दिया।
निकिता ने स्नैच में 70 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 90 किलोग्राम वजन उठाया। दोनों ही वर्गों में उन्होंने संतुलित और आत्मविश्वास से भरा प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया। इस दमदार जीत के साथ उन्होंने न सिर्फ गोल्ड मेडल जीता, बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए खेलों में शानदार शुरुआत भी की।
प्रतियोगिता में ओडिशा की जानी दूसरे स्थान पर रहीं, जिन्होंने कुल 126 किलोग्राम वजन उठाया, जबकि असम की जॉयश्री पाटिर 118 किलोग्राम के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
निकिता की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और अधिकारियों ने उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास की जमकर सराहना की है। उनकी यह जीत प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा बनकर उभरी है।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में देशभर के जनजातीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में निकिता का यह स्वर्ण पदक छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया है।



