खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल फाइनल में, सेमीफाइनल में दिखा रोमांचक मुकाबला

रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत स्वामी विवेकानंद एथलेटिक्स स्टेडियम, कोटा में खेले गए पुरुष फुटबॉल सेमीफाइनल मुकाबलों में छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली।
एक बेहद रोमांचक मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को 3-2 से हराया। मैच की शुरुआत से ही छत्तीसगढ़ टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और पहले हाफ तक 2-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में अरुणाचल प्रदेश ने वापसी की कोशिश की, लेकिन छत्तीसगढ़ ने संयम बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
वहीं दूसरे सेमीफाइनल में पश्चिम बंगाल ने गोवा को 5-2 से हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया। इस मैच में बंगाल की टीम ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा।
इस मौके पर केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में भारतीय खेल प्राधिकरण के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव, खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार, आयोजन समिति के सदस्य, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी व खेल प्रेमी मौजूद रहे।



