सिक्किम के पत्रकारों ने की CM साय से मुलाकात: छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और योजनाओं की सराहना, कहा– ‘भारतीय होने का गर्व कराया’

रायपुर, 12 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित सिक्किम के पत्रकारों के दल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। अध्ययन भ्रमण पर आए पत्रकारों ने प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और आत्मीय आतिथ्य की जमकर सराहना की।
मुख्यमंत्री ने अतिथियों का राजकीय गमछा भेंट कर स्वागत किया और कहा कि “धन-धान्य से पुष्पित-पल्लवित इस धरा को सुंदर, समृद्ध, सुरक्षित और विकसित बनाने के लिए हमारी सरकार संकल्पित होकर कार्य कर रही है।”
उन्होंने बताया कि प्रदेश का 44 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित है और 31 प्रतिशत आबादी जनजातीय समुदाय की है। वनोपज संग्रहण और मूल्य संवर्धन के जरिए आदिवासी समुदाय आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। जशपुर में ‘जशप्योर’ ब्रांड के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाएं उत्पाद तैयार कर रही हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए 5,500 रुपए प्रति मानक बोरा भुगतान और चरण पादुका योजना के तहत निःशुल्क चप्पल वितरण का भी उल्लेख किया गया।
6 हजार से ज्यादा जोड़ों का विवाह, गोल्डन बुक में दर्ज
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में शुरू हुई मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है। हाल ही में 6 हजार से अधिक जोड़े इस योजना के तहत विवाह बंधन में बंधे, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला। योजना के तहत नवदंपतियों को 35 हजार रुपए की आर्थिक सहायता और 15 हजार रुपए की सामग्री दी जाती है।
2500 से अधिक नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
नक्सल समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त रणनीति से प्रदेश में नक्सलवाद अंतिम चरण में है। राज्य की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वालों को 50 हजार रुपए की सहायता और तीन वर्षों तक 10 हजार रुपए प्रतिमाह दिया जा रहा है। अब तक 2500 से अधिक नक्सली मुख्यधारा में लौट चुके हैं। जगदलपुर में ‘बस्तर पंडुम’ कैफे इसका उदाहरण है।
8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘नियद नेल्ला नार’ योजना से दूरस्थ क्षेत्रों में 17 शासकीय योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की गई है। नवा रायपुर में 100 एकड़ में मेडिसिटी का निर्माण हो रहा है। नई औद्योगिक नीति के तहत राज्य को लगभग 8 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। चित्रोत्पला फिल्म सिटी की स्थापना से फिल्म उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।
“छत्तीसगढ़ ने भारतीय होने का गर्व कराया”
सिक्किम की पत्रकार अर्चना प्रधान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ‘मेक इन इंडिया’ का प्रभावी स्वरूप देखने को मिला। भिलाई स्टील प्लांट सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों का अवलोकन कर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ ने हमें भारतीय होने का गर्व कराया।”
पांच दिवसीय भ्रमण के दौरान पत्रकारों ने भिलाई स्टील प्लांट, गेवरा ओपन माइंस, नवा रायपुर और जनजातीय संग्रहालय का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय खान-पान, सांस्कृतिक विरासत और स्वच्छ वातावरण की सराहना की।
मुख्यमंत्री को भेंट की ‘थांका’ पेंटिंग
पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को सिक्किम की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान ‘थांका’ पेंटिंग भेंट की। मुख्यमंत्री ने इसे सांस्कृतिक आदान-प्रदान और स्नेह का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित अन्य अधिकारी और सिक्किम से आए पत्रकार उपस्थित रहे।



