छत्तीसगढ़

इन्वेस्टर कनेक्ट अहमदाबाद में छत्तीसगढ़ को 33,321 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, सीएम साय बोले – गुजरात-छत्तीसगढ़ मिलकर बनाएंगे विकसित भारत

रायपुर, 11 नवंबर 2025।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान निवेश के नए आयाम छुए। राज्य को इस कार्यक्रम में ₹33,321 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे 14,900 से अधिक नए रोजगार सृजित होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने थर्मल पावर, ग्रीन स्टील, सोलर सेल, फार्मास्युटिकल और मेडिकल फूड सप्लीमेंट जैसे क्षेत्रों में प्रमुख उद्योगपतियों को Investment Letters प्रदान किए। उन्होंने कहा कि गुजरात और छत्तीसगढ़ मिलकर विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत से संवाद करते हुए कहा —

“गुजरात के पास उद्यमिता है, तो छत्तीसगढ़ के पास ऊर्जा, खनिज, कुशल जनशक्ति और आकर्षक औद्योगिक नीति है। ये संयोजन निवेशकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।”

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले 22 महीनों में 350 से अधिक सुधार किए हैं, जिससे उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया और सरल हो गई है। सिंगल विंडो सिस्टम के तहत अब अनुमतियाँ त्वरित रूप से जारी की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश में कोयला उत्पादन में दूसरे स्थान पर है। हाल ही में आयोजित एनर्जी समिट में भी ₹3.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। राज्य में थर्मल, हाइडल, सोलर और वन-आधारित उद्योगों की अपार संभावनाएँ हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि नवा रायपुर को आईटी और एआई डेटा सेंटर हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियाँ निवेश में रुचि दिखा रही हैं। साथ ही, पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिए जाने से हॉस्पिटैलिटी और वेलनेस सेक्टर में भी नए अवसर खुल रहे हैं।

कार्यक्रम में सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, उद्योग विभाग सचिव रजत कुमार, मुख्यमंत्री सचिव राहुल भगत, और सीएसआईडीसी प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


💼 इन कंपनियों ने किए निवेश के बड़े ऐलान

  1. लीजियम लाइफ साइंसेस प्राइवेट लिमिटेड – फार्मास्युटिकल और मेडिकल फूड सप्लीमेंट निर्माण हेतु ₹101 करोड़ का निवेश, 750 रोजगार।
  2. टोरेंट पावर लिमिटेड, अहमदाबाद – ₹22,900 करोड़ की लागत से 1,600 मेगावाट क्षमता का थर्मल पावर प्लांट प्रस्तावित, 5,000 रोजगार।
  3. टोरेंट फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड – ₹200 करोड़ का निवेश, 200 रोजगार अवसर।
  4. ओनिक्स थ्री एनर्सोल प्राइवेट लिमिटेडग्रीन हाइड्रोजन, ग्रीन अमोनिया और ग्रीन स्टील मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, ₹9,000 करोड़ निवेश, 4,082 रोजगार।
  5. माला क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड, सूरत – 2 गीगावाट क्षमता की सोलर सेल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, ₹700 करोड़ निवेश, 500 रोजगार।
  6. मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल – ₹300 करोड़ का निवेश, स्वास्थ्य सेवाओं में मजबूती और स्थानीय रोजगार में वृद्धि।
  7. सफायर सेमीकॉम प्राइवेट लिमिटेडसेमीकंडक्टर निर्माण हेतु ₹120 करोड़ निवेश, 4,000 रोजगार अवसर।

मुख्यमंत्री साय ने कहा:

“गुजरात और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों की ताकतें एक-दूसरे की पूरक हैं। यह साझेदारी विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।”


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button