उद्योग-श्रम समन्वय से संवर रहा छत्तीसगढ़: मंत्री लखनलाल देवांगन के नेतृत्व में विकास को नई रफ्तार

रायपुर, 11 अप्रैल 2026। विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार उद्योग और श्रम विभाग के समन्वय से विकास का नया मॉडल प्रस्तुत कर रही है। श्रमिकों के सशक्तिकरण और औद्योगिक विस्तार को साथ लेकर चलने की नीति अब जमीन पर प्रभावी परिणाम देती नजर आ रही है।
उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के जन्मदिन (12 अप्रैल) के अवसर पर उनके योगदान को रेखांकित करते हुए कहा गया कि राज्य में श्रमिकों को केवल आर्थिक इकाई नहीं, बल्कि समाज की आधारशिला मानकर योजनाएं बनाई जा रही हैं। उनके जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहलें की गई हैं।
राज्य के रजत जयंती वर्ष में छत्तीसगढ़ ने उद्योग और श्रम क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। नई उद्योग नीति 2024-30 के तहत निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन और समावेशी विकास पर विशेष जोर दिया गया है। इससे सैकड़ों नए उद्योग स्थापित हुए हैं और हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं।
श्रमिकों के हित में सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। श्रमिक परिवारों के बच्चों को उत्कृष्ट विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा, मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि, आवास सहायता और दुर्घटना में त्वरित आर्थिक मदद जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ‘शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना’ के तहत मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जो गरीब श्रमिकों के लिए बड़ी राहत है।
आर्थिक पारदर्शिता को बढ़ावा देते हुए सरकार ने श्रमिकों के खातों में सीधे लाभ हस्तांतरण (DBT) को प्रभावी बनाया है। पिछले दो वर्षों में करोड़ों रुपये सीधे श्रमिकों तक पहुंचाए गए हैं, जिससे योजनाओं का वास्तविक लाभ सुनिश्चित हुआ है।
औद्योगिक क्षेत्र में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। नवा रायपुर में देश का पहला एआई डाटा सेंटर स्थापित करने की दिशा में काम जारी है। सेमीकंडक्टर, आईटी और स्टार्टअप सेक्टर में निवेश को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ आधुनिक तकनीकी हब के रूप में उभर रहा है।
प्रशासनिक सुधारों के तहत ई-निविदा और सिंगल विंडो सिस्टम लागू किए गए हैं, जिससे निवेशकों को सरल और पारदर्शी वातावरण मिल रहा है। यही वजह है कि छत्तीसगढ़ अब निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है।
सरकार सामाजिक समावेशन पर भी विशेष ध्यान दे रही है। महिला उद्यमियों को बढ़ावा, कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल और दूरस्थ क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने जैसी पहलें यह सुनिश्चित करती हैं कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ अब समावेशी और संतुलित विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।



