छत्तीसगढ़

महिला विश्व कप में भारत की पाकिस्तान पर एक और जीत, रायपुर में गूंजा जश्न – सीएम साय ने दी बधाई

रायपुर, 6 अक्टूबर 2025।भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 88 रनों से हराकर अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ जीत का सिलसिला बरकरार रखा। इस जीत के साथ ही भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में शत प्रतिशत रिकॉर्ड कायम रखते हुए लगातार 12वीं जीत दर्ज की।

विश्व कप में यह पाकिस्तान पर भारत की पांचवीं जीत है। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में यह दूसरी जीत हासिल की है और अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

मैच का हाल

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हरलीन देओल (46 रन, 65 गेंद) और रिचा घोष (नाबाद 35 रन, 20 गेंद) की पारियों की बदौलत 247 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में पाकिस्तान की टीम सलामी बल्लेबाज सिदरा अमीन (81 रन, 106 गेंद, 9 चौके, 1 छक्का) की जुझारू पारी के बावजूद 43वें ओवर में 159 रनों पर ढेर हो गई।

भारत के लिए क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि स्नेह राणा को दो सफलता मिली।

सीएम साय ने दी बधाई

टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा –
“देश के लिए गर्व का पल… हमारी भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन कर मैदान पर भारत की अजेय ताकत का परचम लहराया। यह जीत भारतीय नारी शक्ति के सशक्तिकरण की प्रतीक है। आगामी मुकाबलों में भी यही जज़्बा और जीत का सिलसिला बरकरार रहे, यही शुभकामना। जय हिंद, जय भारत!”

पाकिस्तान का संघर्ष

भारतीय गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज टिक नहीं सके। नतालिया परवेज (33) और सिदरा नवाज (14) के अलावा कोई भी खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका।

इस जीत के साथ ही भारत ने महिला क्रिकेट में पाकिस्तान पर अपना वर्चस्व एक बार फिर साबित कर दिया।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button