रायपुर में 1000 रुपए की मांग पर मछली पकड़ रहे व्यक्ति पर कैंची से हमला, आरोपी फरार — घायल की हालत गंभीर

रायपुर। राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्र के डिपरापारा स्थित खारुन नदी किनारे मछली पकड़ने गए व्यक्ति पर कैंची से जानलेवा हमला हो गया। आरोपी ने उससे 1000 रुपए की मांग की थी। पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने कैंची से पेट में वार कर दिया। घटना में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने तत्काल एम्स अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक, इंद्रप्रस्थ डिपरापारा निवासी राजकरण यादव ने बताया कि वह 10 नवंबर की शाम करीब 5 बजे अपने मामा देवेन्द्र यादव के साथ खारुन नदी के पास मछली पकड़ रहा था। उसी दौरान वहां मौजूद दीपक साहू ने देवेन्द्र यादव से 1000 रुपए की मांग की। जब पैसे देने से मना किया गया तो दीपक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कैंची से देवेन्द्र यादव के पेट में वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घायल देवेन्द्र यादव को परिजन तत्काल एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी दीपक साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।


