गरियाबंद में शादी के बाद बिगड़ी सेहत: चौथिया कार्यक्रम का खाना खाने से 44 ग्रामीण बीमार, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

गरियाबंद। जिले में एक शादी समारोह का भोजन उस समय आफत बन गया, जब खाना खाने के बाद दो ग्राम पंचायतों के 44 ग्रामीणों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। भोजन करने के बाद जब वे अपने-अपने गांव लौटे, तो देर रात से ही कई लोगों को उल्टी और दस्त शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत आमदी (द) के आश्रित मोहलाई के 17 ग्रामीण और ग्राम पंचायत दर्रीपारा के बोइरगांव के 27 ग्रामीण फूड पॉयजनिंग का शिकार हुए हैं। दोनों गांवों को मिलाकर कुल 44 लोग बीमार पड़े हैं।
मामले की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई। उपस्वास्थ्य केंद्र कोसमी में तत्काल शिविर लगाकर सभी मरीजों का उपचार शुरू किया गया। प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाइयां दी जा रही हैं।
सीएमओ वीएस नवरत्न ने बताया कि सूचना मिलते ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम को कोसमी सेक्टर में तैनात किया गया है। अब तक 40 से अधिक मरीजों का इलाज किया जा चुका है। फिलहाल सभी की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित गांवों में पहुंचकर भोजन के नमूने और अन्य कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।



