छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ में मानवता शर्मसार: आम तोड़ने पर बच्चे से मारपीट, मंत्री टंकराम वर्मा ने दिए कार्रवाई के निर्देश

बलौदा बाजार, 23 मार्च 2026। जिले में एक मासूम बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक सीमेंट कंपनी का सुरक्षा गार्ड नाबालिग को उठाकर जमीन पर पटकते हुए नजर आ रहा है।

परिजनों के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब 5:30 बजे की है। पीड़ित के बड़े भाई कार्तिक साहू ने बताया कि उसका छोटा भाई आम तोड़ रहा था, तभी कंपनी के गार्ड ने उसे पकड़ लिया और बेरहमी से जमीन पर पटक दिया। घटना के बाद परिवार को शिकायत न करने की धमकी भी दी गई, जिससे वे डर गए थे। हालांकि बाद में हिम्मत जुटाकर परिजन कोतवाली थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

घटना में घायल बालक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कलेक्टर और एसपी को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित बच्चे के समुचित इलाज और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button