बिलासपुर के तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण आग, पेंट-पुट्टी फैक्ट्री जलकर खाक; दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

बिलासपुर। जिले के तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अनव इंडस्ट्री में सोमवार को भीषण आग लग गई। पेंट और पुट्टी बनाने वाली इस फैक्ट्री की पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पूरी इमारत आग की लपटों में
मिली जानकारी के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर धुएं और लपटों से घिर गया। आग की ऊंची लपटें दूर से ही नजर आ रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए।
स्थानीय लोग भी मदद में जुटे
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। दमकल कर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं। आग को फैलने से रोकने और पास की अन्य औद्योगिक इकाइयों को सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हताहतों की पुष्टि नहीं
अब तक इस हादसे में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराना शुरू कर दिया है, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।
आग लगने का कारण अज्ञात
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
दमकल विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।



