राजस्थान के भिवाड़ी में केमिकल फैक्ट्री में जोरदार धमाका, भीषण आग में 7 मजदूर जिंदा जले

नई दिल्ली/भिवाड़ी। राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में जोरदार धमाका होने के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में सात मजदूरों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्लॉट नंबर G1-118 में हुआ हादसा
घटना खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट संख्या G1-118 स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में हुई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि कई मजदूरों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला।
राहत-बचाव कार्य जारी
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसपी प्रशांत किरण और एडीएम सुमिता मिश्रा ने राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। भिवाड़ी, खुशखेड़ा और आसपास के क्षेत्रों से पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री परिसर से सात शव बरामद किए हैं। दो मजदूरों के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका के बीच सर्च ऑपरेशन जारी है।
जांच के आदेश
प्रशासन ने फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।



