छत्तीसगढ़

बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: क्लिंकर लदे ट्रक में लगी आग, चालक जिंदा जला; चावल से भरे ट्रक का ड्राइवर गंभीर घायल

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के महुली के पास वाड्रफनगर–रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर क्लिंकर से लदे ट्रक और चावल से भरे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्लिंकर लोड ट्रक में आग लग गई और चालक ट्रक के अंदर ही फंसकर जिंदा जल गया।

जानकारी के मुताबिक दोनों ट्रक तेज रफ्तार में विपरीत दिशा से आ रहे थे। महुली के पास पहुंचते ही किसी कारण से दोनों वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद क्लिंकर से भरे ट्रक में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में चावल से लदे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और त्रिकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मृतक चालक के शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे के बाद वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित कर धीरे-धीरे मार्ग को बहाल कराया।

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button