KBC में दुर्ग के रोम शंकर यादव को सम्मान, अमिताभ बच्चन बोले- मैं भी बच्चों के नाम पौधा लगाऊंगा, 27 साल में 8.5 लाख पेड़ लगाए

दुर्ग, 11 अक्टूबर 2025 छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पर्यावरण प्रेमी रोम शंकर यादव को ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के सेट पर ‘फोर्स फॉर गुड हीरोज’ सम्मान से नवाजा गया। पिछले 27 सालों से रोम शंकर जन्मदिन और मांगलिक अवसरों पर पौधारोपण कर रहे हैं।
अमिताभ बच्चन ने केबीसी पर उनके काम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी पहल समाज में नई चेतना जगाती है। उन्होंने कहा कि अब वे भी अपने परिवार के जन्मदिन पर पौधे लगाएंगे और अपने बच्चों के नाम पौधा रोपेंगे। अमिताभ ने सभी दर्शकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों के जन्मदिन पर एक पौधा जरूर लगाएं।
रिसाली नगर निगम क्षेत्र के डूंडेरा गांव के रहने वाले रोम शंकर पेशे से पत्रकार हैं। वे जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर लेखन करते रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उनकी टीम ‘हितवा संगवारी’ ने अब तक 8.5 लाख से अधिक पेड़ लगाए और संरक्षित किए हैं।
रोम शंकर ने बताया कि विरोध और संघर्ष के बावजूद उनका उद्देश्य पेड़ों की सुरक्षा और संवर्धन है। उन्होंने कहा कि अगर हर व्यक्ति अपने जन्मदिन या खुशी के मौके पर एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो पृथ्वी फिर से हरी-भरी होगी।
इस सम्मान ने न केवल दुर्ग, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गर्व महसूस कराया। आदित्य बिड़ला ग्रुप की ओर से यह सम्मान उन्हें दिया गया।



