स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश — कहा, स्वास्थ्य जनहित से जुड़ा बड़ा मुद्दा, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं

रायपुर, 06 नवंबर 2025।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभागीय योजनाओं, निर्माण कार्यों, दवाइयों और उपकरणों की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, आयुष, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), सीजीएमएससी और खाद्य एवं औषधि विभाग से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि “स्वास्थ्य जनहित से जुड़ा एक बड़ा और संवेदनशील विषय है, इसमें किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा एवं संचालक आयुष शिखा राजपूत तिवारी, आयुक्त सह संचालक स्वास्थ्य सेवाएं एवं एमडी एनएचएम डॉ. प्रियंका शुक्ला, नियंत्रक खाद्य एवं औषधि विभाग दीपक अग्रवाल, सीजीएमएससी के अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
👉 बैठक का उद्देश्य विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा और आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसेमंद व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।



