
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अवैध गो-तस्करी का एक और भयावह मामला सामने आया है। कोटपाड़ थाना क्षेत्र के घुमर गांव के पास मवेशियों से भरा एक कंटेनर सड़क हादसे का शिकार हो गया, जिसमें 50 से अधिक गायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात कंटेनर के जरिए बड़ी संख्या में मवेशियों को अवैध रूप से आंध्रप्रदेश ले जाया जा रहा था। कंटेनर में क्षमता से अधिक गायें ठूंस दी गई थीं। अधिक भार के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कंटेनर सड़क किनारे पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर में फंसी अधिकांश गायों ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक दर्जनों मवेशियों की जान जा चुकी थी।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मार्ग से रोजाना गो-तस्करी की जाती है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। आए दिन हो रहे हादसों में बेकसूर मवेशियों की जान जा रही है।
एक साथ 50 से अधिक गायों की मौत से घुमर गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अवैध गो-चालान पर सख्त रोक लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



