लोभ और अंधविश्वास की बलि चढ़ी मासूम लाली – भाभी निकली मास्टरमाइंड, तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर कर दी गई निर्मम हत्या

मुंगेली | 28 जुलाई 2025
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आर्थिक तंगी और अंधविश्वास की खौफनाक गठजोड़ में 7 साल की मासूम बच्ची लाली की बलि दे दी गई। घटना लोरमी थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी गांव की है, जहां ‘झरन पूजा’ नामक तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर बच्ची को अगवा कर उसकी हत्या कर दी गई।
इस निर्मम वारदात में लाली की भाभी ऋतु गोस्वामी मास्टरमाइंड निकली, जिसने अपने पति चिम्मन गिरी समेत चार अन्य लोगों के साथ मिलकर यह नृशंस कांड अंजाम दिया। झाड़फूंक से धन प्राप्ति की लालसा में पांचों आरोपियों ने मासूम की हत्या कर दी। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच के जरिए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ऐसे हुआ खुलासा
12 अप्रैल को बच्ची की मां पुष्पा गोस्वामी ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि उसकी बेटी लाली रात को घर से अचानक लापता हो गई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
6 मई को गांव के श्मशान से कुछ दूरी पर खेत में एक मानव खोपड़ी और हड्डियाँ बरामद हुईं। डीएनए जांच में पुष्टि हुई कि वे अवशेष लाली के ही थे। शरीर पर चोट के निशान मिले, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।
वैज्ञानिक तकनीक से हत्यारे हुए बेनकाब
पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला और एसपी भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने ब्रेन मैपिंग, पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट जैसे वैज्ञानिक तरीकों का सहारा लिया। जांच में खुलासा हुआ कि लाली की बलि ‘झरन पूजा’ के तहत दी गई थी।
पूरी साजिश इस तरह रची गई
- ऋतु गोस्वामी, जो खुद भारी कर्ज में डूबी थी, ने तांत्रिक पूजा के नाम पर चिम्मन गिरी (लाली का चचेरा भाई) और अन्य लोगों के साथ मिलकर बच्ची की बलि की योजना बनाई।
- नरेंद्र मार्को को बच्ची को लाने के लिए पैसे दिए गए।
- चिम्मन गिरी ने तांत्रिक पूजा की सामग्री जुटाई।
- रामरतन निषाद, जो तांत्रिक अनुष्ठानों का जानकार बताया जाता है, उसने झरन पूजा संपन्न कराई।
- आकाश मरावी ने शव को खेत में दफनाने में मदद की।
अंधविश्वास बना हत्या की वजह
गांव में झरन पूजा को लेकर यह अंधविश्वास फैला है कि इससे मनचाहा धन प्राप्त होता है। ऋतु गोस्वामी ने इस विश्वास के चलते मासूम की जान लेने से भी परहेज नहीं किया। ऋतु पहले से ही धोखाधड़ी के एक अन्य केस में लोरमी थाने में आरोपी है, जहां उस पर गांव की महिलाओं के नाम पर लोन लेकर रकम हड़पने का आरोप है।
आरोपियों के नाम:
- चिम्मन गिरी गोस्वामी (40 वर्ष) – लाली का चचेरा भाई
- ऋतु गोस्वामी (36 वर्ष) – लाली की भाभी और मुख्य साजिशकर्ता
- नरेंद्र मार्को (21 वर्ष)
- आकाश मरावी (21 वर्ष)
- रामरतन निषाद (45 वर्ष)
पुलिस ने दर्ज की धाराएं
पांचों आरोपियों पर धारा 137(2), 103(1), 140, 61, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह हृदयविदारक घटना समाज में फैले अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर होने वाले अपराधों की गहरी सच्चाई को उजागर करती है। मासूमों की सुरक्षा के लिए जरूरी है कि ऐसे मामलों में कठोरतम दंड और जनजागरूकता दोनों ही सुनिश्चित किए जाएं।