
रायपुर, 22 फरवरी 2026।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के छत्तीसगढ़ आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य न्यायाधीश का अभिनंदन करते हुए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े प्रतीक चिन्ह भेंट किए।
मुख्यमंत्री साय ने मुख्य न्यायाधीश को छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपरा के प्रतीक स्वरूप राजकीय गमछा, विश्वविख्यात बस्तर दशहरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक तथा बेल मेटल से निर्मित भगवान श्रीराम एवं माता शबरी की आकर्षक प्रतिकृति भेंट की। इस अवसर पर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति पी. नरसिम्हा तथा न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा का भी स्वागत किया गया। साथ ही, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा का भी अभिनंदन किया गया।
उल्लेखनीय है कि मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए हैं। उनके आगमन को न्यायिक एवं शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



