राजधानी रायपुर को 187 करोड़ की सौगात : CM विष्णु देव साय ने 23 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

रायपुर, 25 दिसंबर 2025।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के फुंडहर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम क्षेत्र के लिए कुल 186 करोड़ 98 लाख रुपए के 23 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 185 करोड़ 49 लाख रुपए के 17 कार्यों का भूमिपूजन और 1 करोड़ 49 लाख रुपए के 6 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने तेलीबांधा चौक पर निर्मित सिंदूर पथ, अटल एक्सप्रेस-वे के फुंडहर चौक पर विकसित अटल परिसर, कोर्ट परिसर के पास बने वनभैंसा प्रतिमा, आईएसबीटी, मोवा ब्रिज और विधानसभा ब्रिज के नीचे बने बॉक्स क्रिकेट पिच का लोकार्पण किया।

उन्होंने पंडरी बस स्टैंड और नरैया तालाब के पास बनने वाले कामकाजी महिला छात्रावास, मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत टेक्निकल टॉवर और खम्हारडीह जलागार, नालंदा परिसर, गौरवपथ, पीएम ई-बस डिपो व उसके इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन, पाइपलाइन परियोजनाएं, नाला पुनर्निर्माण, सीसी रोड-नाली, और आरसीसी कवर्ड नाली समेत कई महत्वपूर्ण कार्यों का भूमिपूजन किया।
रायपुर-ग्रामीण, रायपुर-उत्तर और रायपुर-दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों के सुदृढ़ीकरण, बीटी रिनिवल, ड्रेनेज और मरम्मत कार्यों को भी स्वीकृति दी गई, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था और बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।
हितग्राहियों को मिला सीधा लाभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 5 हितग्राहियों को भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र प्रदान किए। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को 50-50 हजार रुपए के चेक वितरित किए गए।
इन विकास कार्यों से रायपुर शहर में आवास, सड़क, जलापूर्ति, परिवहन, खेल और शहरी सुविधाओं को नया विस्तार मिलेगा और राजधानी को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल शहर के रूप में आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।


