छत्तीसगढ़रायपुर

कर्मा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय: सूरजपुर को 172.51 करोड़ की सौगात, भटगांव के लिए 1 करोड़ का ऐलान

रायपुर, 18 जनवरी 2026

कर्मा महोत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोक पर्वों को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव, आपसी भाईचारे और सामूहिक आनंद का उत्सव है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सूरजपुर जिले के चुनगुड़ी में आयोजित कर्मा महोत्सव में कही।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सूरजपुर जिले को 172.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने चुनगुड़ी के स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने और नगर पंचायत भटगांव के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम को महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सांसद चिंतामणि महाराज ने भी संबोधित किया।

परंपरा, संस्कृति और उल्लास से सराबोर कर्मा महोत्सव में मांदर की थाप और घुंघरुओं की झंकार के बीच पूरा क्षेत्र कर्मा नृत्य की लय में झूम उठा। सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़ जिलों से आए 33 कर्मा दलों के लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को लोक संस्कृति के रंगों में रंग दिया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और नाव-जाल एवं आइस बॉक्स, आयुष्मान कार्ड, छत्तीसगढ़ महिला कोष से ऋण वितरण तथा महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित छह रेडी-टू-ईट इकाइयों का शुभारंभ किया। उन्होंने पोषण वितरण कार्य से जुड़ी महिलाओं को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा लोन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा क्लेम और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को गृह प्रवेश की चाबी प्रदान की।

कार्यक्रम में विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा राजलाल रजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिलास्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button