बीजापुर में DRG जवानों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ : भैरामगढ़–इंद्रावती जंगल में रुक-रुककर फायरिंग जारी

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार जारी है। भैरामगढ़–इंद्रावती क्षेत्र के जंगलों में DRG जवानों और नक्सलियों के बीच शुक्रवार सुबह से मुठभेड़ चल रही है। दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद बीजापुर से DRG की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान जंगल पहाड़ी क्षेत्र में जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और अतिरिक्त बल भी मौके की ओर रवाना किया गया है। फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले गुरुवार को गोलापल्ली के जंगलों में हुई मुठभेड़ में DRG जवानों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया था। इनमें माड़वी जोगा उर्फ मुन्ना उर्फ जगत, सोधी बंदी और नुप्पो बाजनी शामिल थे, जो किस्टाराम एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य बताए गए थे।
सुरक्षा बलों का कहना है कि क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मुठभेड़ समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।



