
रायपुर, 19 दिसंबर 2025/ राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से महिला पत्रकार गायत्री सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद उन्हें तत्काल डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल के केजुअल्टी ट्रॉमा यूनिट में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।


जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब महिला पत्रकार सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गया। हादसे में उनका मोबाइल फोन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे तत्काल संपर्क में दिक्कत आई।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि दुर्घटना अचानक हुई। प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, महिला पत्रकार के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और स्थिति इतनी गंभीर है कि सर्जरी के साथ अंपुटेशन की आशंका भी जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सील कर दिया गया। ट्रेलर चालक हादसे के बाद वाहन समेत फरार हो गया है। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
घटना के बाद पत्रकार जगत और परिजनों में गहरी चिंता है। मीडिया संस्थानों और संगठनों ने महिला पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।



