छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई शुरू, उत्तर और मध्य हिस्सों से लौटा मानसून — हवा में घुली ठंडक

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई की प्रक्रिया तेज़ी से जारी है। राजधानी रायपुर और प्रदेश के उत्तरी इलाकों में बीते दो दिनों से हवा में नमी कम होने लगी है, वहीं सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के ताज़ा अपडेट के अनुसार, राज्य के उत्तर और मध्य हिस्सों से अब मानसून की आधिकारिक विदाई हो चुकी है।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर की रिपोर्ट में बताया गया है कि मानसून की वापसी रेखा 14° उत्तर/72° पूर्व से होकर गुजर रही है। इसमें कांकेर, कोंडागांव, सागर द्वीप और गुवाहाटी जैसे क्षेत्र शामिल हैं। प्रदेश के ज़्यादातर इलाकों में अब बारिश का असर कम हो गया है, हालांकि बस्तर और दक्षिणी जिलों में अगले दो से पाँच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

राजधानी रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, जगदलपुर और अंबिकापुर में भी तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं होगा, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंडक का असर बढ़ेगा।

मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि 30 सितंबर तक होने वाली बारिश को मानसून की मान्यता दी जाती है, जबकि इसके बाद की बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ यानी मानसून के बाद की वर्षा कहा जाता है। देश के कई हिस्सों से मानसून की विदाई पहले ही हो चुकी है और अब छत्तीसगढ़ में भी धीरे-धीरे ठंड के मौसम की दस्तक शुरू हो गई है।

रायपुर में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना भी बनी हुई है। मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही लोगों ने अब गर्म कपड़ों की तैयारी शुरू कर दी है और प्रदेश में ठंडक की दस्तक महसूस की जा रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button