छत्तीसगढ़

Fake firing stunt video goes viral : नकली पिस्टल से रील बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने उठक-बैठक लगवाकर मंगवाई माफी

दुर्ग-भिलाई। सोशल मीडिया पर रौब जमाने के लिए नकली पिस्टल से फायरिंग का वीडियो बनाना तीन युवकों को भारी पड़ गया। वायरल रील पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया। थाना परिसर में उनसे उठक-बैठक लगवाई गई और आरोपियों ने कान पकड़कर माफी मांगते हुए कहा—अब दोबारा ऐसी गलती नहीं करेंगे।

घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र की है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें युवक कार रोककर बीच सड़क पर नकली पिस्टल लहराते और फायरिंग की एक्टिंग करते दिख रहे थे। इससे राहगीरों में डर का माहौल बन गया।

इंस्टाग्राम रील से खुली पोल

जांच में पता चला कि आरोपी स्टेशन रोड के सुमित बाजार के पास वाहन से उतरकर लोगों को डराने की कोशिश कर रहे थे और उसी का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया।

पकड़े गए आरोपियों में जयदीप कांडा (36), गगनप्रीत सिंह (37) और पवनदीप सिंह (32) शामिल हैं।

थाना में माफी, उठक-बैठक भी

पुलिस के सामने तीनों ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और भविष्य में ऐसा न करने का भरोसा दिया। पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए घटना में इस्तेमाल नकली पिस्टल जब्त कर ली।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के वीडियो मजाक नहीं बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन सकते हैं और आम लोगों में दहशत फैलाते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button