Fake ₹500 ‘Sandwich Notes’ Flood Dantewada : दंतेवाड़ा में खप रहे नकली 500 के सैंडविच नोट, मशीन में हो रहे रिजेक्ट

दंतेवाड़ा / दंतेवाड़ा जिले में ₹500 के नकली नोटों की बढ़ती आवाजाही ने व्यापारियों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हाट-बाजार से लेकर छोटी दुकानों तक ये नोट आसानी से चल रहे हैं और पहली नजर में बिल्कुल असली जैसे दिखाई दे रहे हैं, जिससे दुकानदार ठगी का शिकार हो रहे हैं।
मामले का खुलासा तब हो रहा है जब व्यापारी रकम बैंक में जमा कराने पहुंचते हैं। काउंटिंग मशीन इन नोटों को तुरंत रिजेक्ट कर देती है। व्यापारियों का कहना है कि असली और नकली नोट में फर्क कर पाना बेहद मुश्किल हो गया है।
कलर प्रिंटर से बन रहे “सैंडविच नोट”
स्थानीय लोगों के अनुसार नकली नोट कलर प्रिंटर से तैयार किए जा रहे हैं। इसमें नोट की दो परतें प्रिंट कर बीच में साधारण कागज रखकर चिपका दिया जाता है।
ऊपर से देखने और छूने में नोट सामान्य लगता है, इसी वजह से दुकानदार पहचान नहीं कर पाते।
व्यापारियों में डर का माहौल
लगातार नकली नोट मिलने से व्यापारी अब बड़े नोट लेने में हिचक रहे हैं। कई दुकानदार ग्राहकों से डिजिटल पेमेंट या छोटे नोट देने की मांग कर रहे हैं।
क्या करें सावधानी?
- 500 के नोट की सिक्योरिटी स्ट्रिप और वाटरमार्क जरूर देखें
- नोट को हल्का मोड़कर कागज की गुणवत्ता जांचें
- शक होने पर तुरंत बैंक या पुलिस को सूचना दें
- बड़े लेन-देन में डिजिटल भुगतान को प्राथमिकता दें
पुलिस और बैंकिंग अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की जा रही है ताकि नकली नोट गिरोह का जल्द खुलासा हो सके।



