छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने महिला कोष योजनाओं के विस्तार पर जोर, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अधिकारियों को दिए निर्देश

रायपुर, 10 मार्च 2026। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में रोजगार और स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं और महिला कोष की योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि वे इसका लाभ लेकर आत्मनिर्भर बन सकें।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय में छत्तीसगढ़ महिला कोष के शासी बोर्ड एवं आमसभा की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। बैठक में महिला कोष की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में ऋण योजना के तहत 1500 महिला स्व-सहायता समूहों को 30 करोड़ रुपये तथा सक्षम योजना के तहत 1000 पात्र महिलाओं को 14 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। इसके साथ ही सक्षम योजना, ऋण योजना और स्वावलंबन योजना के लक्ष्यों एवं उपलब्धियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि महिला स्व-सहायता समूहों को वर्तमान में दूसरी बार अधिकतम 6 लाख रुपये तक ऋण देने का प्रावधान है। वहीं सक्षम योजना के अंतर्गत महिलाओं को अधिकतम 2 लाख रुपये तक का ऋण दिया जाता है। इन प्रावधानों में आवश्यकता के अनुसार संशोधन करने पर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया।

सितंबर 2025 तक जिलों में 8 लाख 2 हजार 843 रुपये की ब्याज राशि जमा होने की जानकारी दी गई, जिसका उपयोग महिला कोष के सॉफ्टवेयर निर्माण के लिए किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को पात्रता के आधार पर सक्षम योजना से लाभान्वित करने तथा योजना में महिलाओं की आयु सीमा 25 से 50 वर्ष करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।

महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक शम्मी आबिदी ने बताया कि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ महिला कोष का गठन किया गया है। इसके तहत महिलाओं को मात्र 3 प्रतिशत साधारण वार्षिक ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे स्वरोजगार और छोटे व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

बैठक में महिला एवं बाल विकास, वाणिज्य एवं उद्योग, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास, समाज कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, ग्रामोद्योग, कृषि, नगरीय प्रशासन, वन तथा कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों के साथ नेहरू युवा केन्द्र, नाबार्ड, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और यूनिसेफ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button