कोरबा में हाथी का हमला: उपार्जन केंद्र में घुसकर मंडी प्रभारी को कुचला; झोपड़ी में सो रहे थे पति-पत्नी, महिला भागकर बची

कोरबा, 05 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथी के हमले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कुदमुरा उपार्जन केंद्र में देर रात घुसे हाथी ने मंडी प्रभारी पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार देर रात करीब 2 बजे कुदमुरा उपार्जन केंद्र की है। बताया जा रहा है कि उपार्जन केंद्र में लगातार धान चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इसी वजह से मंडी प्रभारी राजेश कुमार अपनी पत्नी के साथ केंद्र परिसर में अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहे थे और धान की सुरक्षा कर रहे थे।
इसी दौरान देर रात एक जंगली हाथी उपार्जन केंद्र परिसर में घुस आया। हाथी ने झोपड़ी को नुकसान पहुंचाते हुए अंदर सो रहे राजेश कुमार पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी किसी तरह झोपड़ी से बाहर निकलकर भागी और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि मृतक राजेश कुमार रजगामार क्षेत्र के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों में हाथियों की लगातार आवाजाही को लेकर डर का माहौल बना हुआ है।


