
रायपुर, 29 मार्च 2026।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 132वीं कड़ी सुनी। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यह देशभर में हो रहे सकारात्मक नवाचारों और जनभागीदारी को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ में कोरिया जिला के किसानों द्वारा किए जा रहे जल संरक्षण कार्यों की प्रधानमंत्री द्वारा सराहना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। इससे यह स्पष्ट होता है कि प्रदेश में जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयास अब राष्ट्रीय पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ‘आवा पानी झोंकी’ जैसे अभिनव मॉडल के तहत किसानों ने रिचार्ज तालाब और सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर वर्षा जल को सहेजने का सराहनीय कार्य किया है। यह पहल न केवल भूजल स्तर बढ़ाने में कारगर साबित हो रही है, बल्कि अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक आदर्श मॉडल बनती जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जल संरक्षण अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है और छत्तीसगढ़ में भी इसे जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से जल संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा मत्स्य उत्पादन में आत्मनिर्भरता, फिटनेस को बढ़ावा, शुगर इंटेक में कमी और खेलों के लिए बेहतर वातावरण निर्माण जैसे विषयों पर दिए गए संदेशों को भी मुख्यमंत्री ने उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में इन सभी क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री साय ने पश्चिमी एशिया की परिस्थितियों पर प्रधानमंत्री के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि देश हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोलियम उत्पादों, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। साथ ही, उन्होंने नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव और मीडिया सलाहकार कृष्णा दास सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



