बालोद में धान खरीदी का सुगम सिस्टम सफल: बुजुर्ग किसान कोल्हुराम साहू बोले—“तुंहर टोकन एप्प से मिली बड़ी राहत”, 80 क्विंटल धान बिना परेशानी के किया विक्रय

रायपुर, 19 नवंबर 2025।छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का काम इस बार पूरी तरह सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ चल रहा है। ग्राम निपानी के बुजुर्ग किसान कोल्हुराम साहू ने धान विक्रय के बाद अपनी प्रसन्नता जाहिर करते हुए बताया कि शासन-प्रशासन की नई व्यवस्था ने किसानों को बड़ी सुविधा दी है।
उन्होंने बताया कि इस बार धान खरीदी शुरू होने से पहले ही उन्होंने कटाई-मिंटाई जैसे सारे कार्य पूरे कर लिए थे। 17 नवंबर को उन्होंने अपने नाती की मदद से तुंहर टोकन मोबाइल एप्प के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया। कोल्हुराम साहू ने कहा कि पहले सोसायटी में लाइन लगानी पड़ती थी, काफी मशक्कत करनी पड़ती थी, लेकिन अब मोबाइल से घर बैठे टोकन मिल रहा है, जो उनके जैसे बुजुर्ग किसानों के लिए बहुत बड़ी सुविधा साबित हुआ है।
टोकन के आधार पर वे खरीदी केंद्र खुलते ही अपना लगभग 80 क्विंटल धान लेकर पहुंचे। केंद्र में समय पर आद्र्ता माप, पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता, तुलाई, सिलाई और स्टैकिंग के लिए पर्याप्त कर्मचारी उपलब्ध थे। इस कारण उनका पूरा धान बिना देरी आसानी से विक्रय हो गया।
कोल्हुराम साहू ने बताया कि खरीदी केंद्र में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय जैसी सुविधाएँ भी अच्छी हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होती। उन्होंने कहा कि 3100 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और प्रति एकड़ 21 क्विंटल की खरीदी सीमा ने खेती को किसानों के लिए लाभ का सौदा बना दिया है।
उन्होंने किसान हितैषी निर्णयों के बेहतर संचालन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।



