छत्तीसगढ़

सपनों को मिले पंख, उम्मीदों को मिला सहारा — मुख्यमंत्री जनदर्शन संवेदनशील शासन की बनी पहचान

रायपुर, 13 नवंबर 2025 – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम एक बार फिर जनता के विश्वास और उम्मीदों का प्रतीक बन गया। शासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही का यह अनूठा उदाहरण रहा, जहाँ प्रदेश के कोने-कोने से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ, सुझाव और आकांक्षाएँ सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।

मुख्यमंत्री साय ने प्रत्येक आवेदक की बात ध्यानपूर्वक सुनी और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान महिलाओं, छात्रों, किसानों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों ने आवास, छात्रवृत्ति, रोजगार, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकांश मामलों का निपटारा उसी दिन कर दिया गया, जिससे लोगों के चेहरों पर राहत और संतोष की मुस्कान झलक उठी।

जनता के विश्वास की मजबूत डोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा, “जनदर्शन प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता और जवाबदेही का प्रतीक है। हमारा लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान हो।”

पूनम की मुस्कान ने सबको किया भावुक

रायपुर की 11 वर्षीय पूनम, जो सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित है, कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक क्षण बनी। मुख्यमंत्री ने उसकी शिक्षा की जिम्मेदारी लेते हुए विशेष विद्यालय में दाखिले और छात्रवृत्ति की घोषणा की। यह पल सभी के लिए भावुक कर देने वाला रहा, जब मुख्यमंत्री ने एक बच्ची के भविष्य की जिम्मेदारी अपने हाथों में ली।

सूक्ष्म कला से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री

भिलाई के कलाकार अंकुश देवांगन ने जनदर्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संगमरमर से बनी आधे सेंटीमीटर की सूक्ष्म प्रतिमा प्रस्तुत की, जिसे केवल माइक्रोस्कोपिक लेंस से देखा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने इसे “समर्पण और धैर्य की अद्वितीय मिसाल” बताते हुए अंकुश की कला की प्रशंसा की।

राजनीतिक यात्रा का कलात्मक मानचित्र

सारंगढ़-बिलाईगढ़ के शिवकुमार निराला ने मुख्यमंत्री को “प्रदेश की राजनीतिक यात्रा का मानचित्र” भेंट किया, जिसमें 1998 से अब तक के चुनावों का सीटवार विश्लेषण और जनप्रतिनिधियों का कलात्मक चित्रण शामिल था। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह आंकड़ों के साथ सृजनात्मक सोच का सुंदर उदाहरण है।”

मनीष की मुस्कान ने लौटाया आत्मविश्वास

रायपुर के दिव्यांग युवक मनीष खुंटे आज अपनी बैटरी स्कूटी चलाकर जनदर्शन पहुँचे — वही स्कूटी जो उन्हें पिछले जनदर्शन में मुख्यमंत्री की सहायता से मिली थी। मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीयता से बातचीत की और सेल्फी भी ली। मनीष ने कहा, “अब आने-जाने में कठिनाई नहीं होती, यह मेरे जीवन की नई शुरुआत है।”

छात्रावास को मिलेगा नया भवन

मुख्यमंत्री ने रायपुर के अनुसूचित जाति बालक छात्रावास की जर्जर स्थिति पर संज्ञान लेते हुए 200 सीटों वाले नए सर्वसुविधायुक्त भवन के निर्माण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित और अनुकूल अध्ययन वातावरण देना सरकार की प्राथमिकता है।

सुनने की शक्ति लौटी रमन निर्मलकर को

रायपुर के ब्राह्मण पारा निवासी रमन निर्मलकर को मुख्यमंत्री ने तत्काल श्रवण यंत्र प्रदान किया। भावुक निर्मलकर बोले, “मुख्यमंत्री जी ने मेरी आवाज सुनी और मेरी सुनने की शक्ति लौटा दी।”

खिलाड़ियों से संवाद और प्रोत्साहन

कार्यक्रम में वूमेन्स सेल्फ डिफेंस ऑर्गनाइजेशन की महिला खिलाड़ियों से मुख्यमंत्री ने संवाद किया और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
इसी दौरान अभनपुर के दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू साहू को ₹90,000 की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। पिंटू ने कहा, “यह सहयोग मेरे खेल जीवन की नई शुरुआत है।”

जनता और सरकार के बीच भरोसे की सेतु

जनदर्शन के समापन पर उपस्थित लोगों ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल समस्याओं के समाधान का मंच नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच भरोसे की मजबूत सेतु बन गया है।
जनता का कहना था — “यहाँ हर आवाज को सम्मान और हर समस्या को समाधान मिलता है।”

(समाप्त)

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button