36 साल की सेवाओं के बाद अपर संचालक जे.एल. दरियो को गरिमामय विदाई: जनसंपर्क विभाग में समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल रहे जवाहर लाल दरियो

रायपुर, 28 फरवरी 2026।जनसंपर्क विभाग में 36 वर्षों तक उल्लेखनीय सेवाएं देने के बाद अपर संचालक जे.एल. दरियो (जवाहर लाल दरियो) को सेवानिवृत्ति पर नवा रायपुर स्थित संवाद के ऑडिटोरियम में भावभीनी और गरिमामय विदाई दी गई। समारोह में विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके लंबे कार्यकाल, समर्पण और प्रशासनिक दक्षता को याद किया।
कार्यक्रम में आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल ने दरियो की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपर संचालक उमेश मिश्रा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि अविभाजित मध्यप्रदेश के इंदौर से स्थानांतरण के समय दरियो ने जिम्मेदारी संभाली थी और विभागीय कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया। अपर संचालक संजीव तिवारी ने उनकी सरलता और दायित्वों के प्रति समर्पण को विभाग के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम का संचालन अपर संचालक आलोक देव ने किया और दरियो के सेवाकाल की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
अपने उद्बोधन में जवाहर लाल दरियो ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभागीय टीमवर्क और सहयोग की भावना ने ही उन्हें अपने दायित्वों का सफल निर्वहन करने में सक्षम बनाया। समारोह का समापन आत्मीय वातावरण में हुआ।



