छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

गंगरेल में इतिहास: महानदी बोट चैंपियनशिप में 52 टीमों की रोमांचक टक्कर, धमतरी को मिली नई पहचान

धमतरी, 23 मार्च 2026। जिले के गंगरेल बांध पर पहली बार आयोजित ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के तहत महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का भव्य आयोजन हुआ। मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक 1000 मीटर की दूरी में हुई इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने गति, संतुलन और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर उत्साह और जनसहभागिता का अनूठा माहौल देखने को मिला।

इस प्रतियोगिता में धमतरी, कांकेर और बालोद जिले की कुल 52 टीमों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ओमकार साहू, महापौर रामू रोहरा और पूर्व विधायक रंजना साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान कलेक्टर अविनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

महिला सहभागिता बनी आकर्षण का केंद्र
ग्रामीण अंचलों की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्राम तिर्रा की चयन बाई, सुमन और दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक नाव के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

प्रतियोगिता के विजेता
प्रतियोगिता में बोट क्रमांक 04 के रोमार निषाद और जीतु निषाद ने प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान सत्वंत मंडावी और मिथलेश मंडावी को मिला, जबकि तृतीय स्थान कोमल निषाद और महेश्वर कुरेटरी ने प्राप्त किया। वेशभूषा और सजावट श्रेणी में भी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

विजेताओं को क्रमशः 1 लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपए के नगद पुरस्कार दिए गए। इसके अलावा विशेष श्रेणियों में 11 हजार रुपए के पुरस्कार प्रदान किए गए। महिला प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप सांत्वना राशि भी दी गई।

पर्यावरण और सुरक्षा पर भी फोकस
कार्यक्रम की शुरुआत पौधरोपण से हुई। मत्स्य विभाग ने 8 मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित किए। साथ ही जल सुरक्षा के लिए वॉटर एंबुलेंस की भी शुरुआत की गई।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
विधायक ओमकार साहू ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र में जल पर्यटन को नई पहचान देगा। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने इसे पर्यटन और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला अहम कदम बताया।

‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ ने धमतरी को पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मजबूत शुरुआत दी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button