
धरसीवां। धनेली और बेलटुकरी गांव में आयोजित वार्षिक मड़ई मेले में इस बार उत्सव के साथ विकास की सौगात भी जुड़ गई। धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा मेले में शामिल हुए और ग्रामीणों को बड़ी घोषणा देते हुए धनेली में 58 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भव्य सामुदायिक भवन तथा बेलटुकरी के बाजार चौक में 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का विधिवत भूमिपूजन और शिलान्यास किया।
मेले के अवसर पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ विधायक का आत्मीय स्वागत किया। विधायक ने मेले का भ्रमण कर स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं भी सुनीं।

इस मौके पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि मड़ई छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी ग्रामीणों को मड़ई मेले की बधाई देते हुए कहा कि धनेली के लिए यह दिन दोहरी खुशी लेकर आया है। मेले की उमंग के साथ 58 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं होगा, बल्कि गांव की सामाजिक एकता और सम्मान का केंद्र बनेगा। अक्सर ग्रामीणों को सामाजिक कार्यक्रमों, शादी-ब्याह और सार्वजनिक बैठकों के लिए व्यवस्थित स्थान की कमी का सामना करना पड़ता था। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई है, जिससे अब गरीब से गरीब व्यक्ति को भी अपने पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
विधायक ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसा भवन तैयार किया जाए, जिस पर आने वाली पीढ़ियां गर्व कर सकें। उन्होंने कहा कि असली विकास वही है, जो अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बिजली, पानी और सड़क के साथ सामाजिक अधोसंरचना भी उतनी ही जरूरी है। धनेली की जनता ने जो विश्वास जताया है, उसे विकास कार्यों के माध्यम से लौटाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा और बजट की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
कार्यक्रम में रायपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्याम नारंग, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, शकुंतला ढिलेन्द्र सेन, हरिशंकर वर्मा, नरेंद्र ठाकुर, पार्वती संतोष कुर्रे, सीता चंद्रप्रकाश कुर्रे, लोकेश नौरंगे, हिमांशु वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में मेलार्थी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विकास कार्यों की सौगात के लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।



