रात के सन्नाटे में तबाही: शाहपुर पटोरी के लोदीपुर धार गांव में पोल्ट्री फार्म में भीषण आग, 2500 से ज्यादा मुर्गे-चूजे जले, 10 लाख तक का नुकसान

शाहपुर पटोरी। पटोरी थाना क्षेत्र के लोदीपुर धार गांव में सोमवार तड़के एक पोल्ट्री फार्म में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आगलगी की इस घटना में करीब 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के मुर्गे, चूजे और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
घटना सोमवार की अहले सुबह करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। आग लगने से पिंटू कुमार साह का पोल्ट्री फार्म पूरी तरह आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते राख में तब्दील हो गया। आगलगी के दौरान फार्म में मौजूद 2500 से अधिक मुर्गे और चूजे, दर्जनों बोरे मुर्गी दाना समेत पूरा ढांचा जलकर खाक हो गया।
आग की लपटें देख आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटों में आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक फार्म में रखा लगभग सारा सामान जल चुका था।
आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि आसपास जलाए जा रहे अलाव की चिंगारी से यह हादसा हुआ होगा। घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



