छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा की डीएसपी कल्पना वर्मा निलंबित, 2.5 करोड़ की अवैध वसूली और खुफिया जानकारी लीक करने के आरोप

रायपुर, 05 फरवरी 2026।छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) कल्पना वर्मा को गंभीर आरोपों के चलते निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ पद का दुरुपयोग कर अवैध लाभ लेने, अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने और नियमों के विरुद्ध आचरण के आरोपों की विभागीय जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।

निलंबन अवधि के दौरान डीएसपी कल्पना वर्मा को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में अटैच किया गया है। सूत्रों के अनुसार, जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर राज्य पुलिस मुख्यालय ने यह सख्त कदम उठाया।

2.5 करोड़ की वसूली का गंभीर आरोप
मामले में कारोबारी दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 से डीएसपी कल्पना वर्मा ने कथित तौर पर ‘लव ट्रैप’ के जरिए उनसे करीब 2.5 करोड़ रुपये की वसूली की। आरोपों में लगभग 2 करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख रुपये की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपये के सोने के गहने और अन्य महंगे उपहार शामिल बताए गए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि शिकायत के बावजूद कार और ज्वेलरी अब तक वापस नहीं की गई है।

माओवाद से जुड़ी खुफिया जानकारी लीक होने का दावा
मामले में माओवाद से संबंधित संवेदनशील खुफिया जानकारी लीक होने के आरोप भी सामने आए हैं। जानकारों के अनुसार, खुफिया सूचनाओं का इस तरह लीक होना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। इस पहलू पर उच्च स्तर से रिपोर्ट तलब की गई थी, जिसे गोपनीय रखा गया है।

भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने वसूली की जांच की मांग
इसके अलावा डीएसपी के भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने करोड़ों रुपये वसूलने के आरोप भी लगाए गए हैं। इस बिंदु पर अलग से विस्तृत जांच की मांग की जा रही है।

वहीं, डीएसपी कल्पना वर्मा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा, बेबुनियाद और साजिश करार दिया है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच जारी है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button